राज्यसभा चुनाव / भाजपा ने सिंधिया को बनाया मध्यप्रदेश से प्रत्याशी
नई दिल्ली. भाजपा में शामिल होने के 3 घंटे बाद पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया है। दोपहर 2.50 बजे भाजपा ने सिंधिया को मध्यप्रदेश से प्रत्याशी बनाया है, जहां राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होना है। भाजपा ने बुधवार को कुल 11 उम्मीदवारों का ऐलान किया। इनमें से दो सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं। महाराष्ट्र से आरपीआई के रामदास आठवले और असम से बीपीएफ के बुस्वजीत डाइमरी को उम्मीदवार बनाया गया है। मध्यप्रदेश से सिंधिया के अलावा अभी दूसरे उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया गया है।
राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होंगे
देश के 17 राज्यों में राज्यसभा की 56 खाली सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होने हैं। इनमें से 55 सीटें सांसदों के कार्यकाल पूरे होने से खाली हुई हैं। वहीं, हरियाणा की एक सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह के इस्तीफे से खाली हुई है। उनका कार्यकाल 2022 में पूरा होना था। इस सीट पर उपचुनाव भी 26 मार्च को ही होगा। सबसे ज्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र में खाली हो रही हैं। तमिलनाडु में 6, प. बंगाल और बिहार में 5-5, ओडिशा, गुजरात और आंध्र प्रदेश में 4-4, मध्य प्रदेश, हरियाणा, असम और राजस्थान में 3-3 सीटें खाली हो रही हैं। इनके अलावा तेलंगाना, झारखंड और छत्तीसगढ़ में 2-2 सीटें, वहीं मणिपुर, मेघालय, हिमाचल प्रदेश में एक-एक सीट खाली हो रही है।
क्रमांक | उम्मीदवार | राज्य |
1 | भुवनेश्वर कालीता | असम |
2 | विवेक ठाकुर | बिहार |
3 | अभय भारद्वाज | गुजरात |
4 | रमीलाबेन बारा | गुजरात |
5 | दीपक प्रकाश | झारखंड |
6 | लिएसेंबा महाराजा | मणिपुर |
7 | ज्योतिरादित्य सिंधिया | मध्य प्रदेश |
8 | उदयना राजे भोंसले | महाराष्ट्र |
9 | राजेंद्र गहलोत | राजस्थान |
10 | रामदास आठवले (आरपीआई) | महाराष्ट्र |
11 | बुस्वजीत डाइमरी (बीपीएफ) | असम |